कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में विस्थापन और पुनर्वास की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा सामने आया है। चंद्रनगर और जटराज के विस्थापित परिवारों ने सोमवार को SECL प्रबंधन के खिलाफ अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीण दंडवत न्याय यात्रा निकालते हुए घंटाघर से कलेक्ट्रेट तक सड़क पर लेटकर पहुंचे। उनका आरोप है कि गांव से हटाए जाने के बाद उन्हें जिन पुनर्वास स्थलों पर बसाया गया है, वहां सड़क, पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं।
तीन दिन में गांव खाली कराने का आरोप
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप है कि SECL प्रबंधन ने उन्हें महज तीन दिनों के भीतर गांव खाली करने के लिए मजबूर किया। इसके बाद सभी विस्थापित परिवारों को एक जगह बसाने के बजाय छह अलग-अलग स्थानों पर बिखेर दिया गया। इससे परिवारों के बीच आपसी संपर्क और रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि विस्थापन के दौरान उन्हें बेहतर सुविधाओं और सुरक्षित जीवन का भरोसा दिया गया था, लेकिन पुनर्वास के बाद उनकी परेशानियां कम होने के बजाय और बढ़ गई हैं।
पुनर्वास स्थल पर सड़क, पानी और शौचालय की कमी
विस्थापित परिवारों ने आरोप लगाया कि पुनर्वास स्थलों पर जरूरी सुविधाओं का अभाव है। कई जगह सड़क और पीने के पानी की व्यवस्था नहीं है। शौचालय नहीं होने के कारण लोगों को खुले में शौच के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, कई परिवारों की झोपड़ियां भी टूट चुकी हैं। ऐसे में उन्हें रहने और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर उन्होंने दंडवत न्याय यात्रा निकालकर प्रशासन और SECL प्रबंधन का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की।
SECL बोला- संवाद से किया जाएगा समस्याओं का समाधान
ग्रामीणों के प्रदर्शन पर SECL के पीआरओ डॉ. सनीश चंद्र ने कहा कि स्थानीय ग्रामीण और विस्थापित परिवार प्रबंधन के महत्वपूर्ण हितधारक हैं। उनका सम्मानजनक पुनर्वास SECL की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि पुनर्वास गांवों को आदर्श स्वरूप में विकसित किया जा रहा है, जहां सड़क, पेयजल और स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था शामिल है। यदि ग्रामीणों को किसी तरह की समस्या है तो संवाद और समन्वय के माध्यम से उसका समाधान किया जाएगा।
पीआरओ ने ग्रामीणों से अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के सामने रखने और पुनर्वास प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील भी की है।
अब प्रबंधन के फैसले का इंतजार
फिलहाल चंद्रनगर और जटराज के विस्थापित परिवार अपनी मांगों को लेकर विरोध जता चुके हैं। ग्रामीणों की दंडवत न्याय यात्रा ने पुनर्वास व्यवस्था में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति पर सवाल खड़े किए हैं। अब देखना होगा कि SECL प्रबंधन और जिला प्रशासन उनकी शिकायतों पर कितनी जल्दी ठोस कदम उठाते हैं।
