सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। तेलसरा गांव स्थित घर में महिला का शव खून से लथपथ हालत में मिला। घटना की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की है।
पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद वारदात की आशंका
मिली जानकारी के अनुसार, घटना सूरजपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के तेलसरा गांव की है। बताया जा रहा है कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि विवाद के बाद महिला पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, हत्या की परिस्थितियों और इसके पीछे की वास्तविक वजह का अभी खुलासा नहीं हुआ है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के हालात का जायजा लिया। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटा रही है।
पुलिस ने मृतका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जांच और साक्ष्यों के आधार पर ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।
