Sunday, November 22, 2026

कोरिया में रिश्तों का कत्ल! आपसी विवाद में साले ने लोहे के कड़े से पीटकर की जीजा की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Share

कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बैकुंठपुर सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सलका में एक युवक की उसके ही साले ने कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोप है कि विवाद के दौरान साले ने अपने जीजा पर मुक्कों और हाथ में पहने लोहे के कड़े से ताबड़तोड़ हमला किया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में आरोपी साले को गिरफ्तार कर लिया है।

शराब के नशे में विवाद, मारपीट के दौरान गई जान

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सलका के बसोर पारा निवासी जितेंद्र बसोर और उसके 20 वर्षीय साले सन्नी के बीच रात करीब 8 बजे किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।

आरोप है कि इसी दौरान सन्नी ने जितेंद्र के साथ मारपीट शुरू कर दी। उसने मुक्कों के साथ हाथ में पहने लोहे के कड़े से भी हमला किया, जिससे जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल बैकुंठपुर लेकर गई। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद कोतवाली पहुंचे परिजन और ग्रामीण

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सन्नी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। वहीं, बुधवार सुबह मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण सिटी कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने घटना में अन्य लोगों की भूमिका की आशंका जताते हुए संबंधित लोगों की गिरफ्तारी की मांग की।

ग्रामीणों और परिजनों की मांग पर पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस जांच में जुटी, अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल

फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका रही है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Read more

RNews