Sunday, November 22, 2026

बच्चे की मौत के बाद अस्पताल में हंगामा और तोड़फोड़, स्टाफ से बदसलूकी के मामले में 14 गिरफ्तार

Share

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के पखांजूर थाना क्षेत्र में बच्चे की मौत के बाद अस्पताल में हंगामा, तोड़फोड़ और अस्पताल स्टाफ के साथ कथित बदसलूकी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले की जांच के बाद पुलिस ने 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में महिला भी शामिल है। पुलिस ने तोड़फोड़ में इस्तेमाल बांस का डंडा और पत्थर भी जब्त किया है।

अस्पताल की शिकायत पर दर्ज हुआ था मामला

पुलिस के अनुसार, अस्पताल से जुड़े प्रार्थी सुनील हलदार निवासी कापसी ने 14 जून 2026 को पखांजूर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बच्चे की मौत के बाद अस्पताल में तोड़फोड़ और स्टाफ के साथ बदसलूकी किए जाने का मामला सामने आया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 127(2), 324(5), 333, 190 और 191(2) के साथ छत्तीसगढ़ चिकित्सा सेवा संस्थान (हिंसा तथा संपत्ति को क्षति व हानि) अधिनियम, 2016 की धारा 3 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर 14 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुर्रे के मार्गदर्शन और एसडीओपी पखांजूर कुलदीप बंजारे के पर्यवेक्षण में आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक तेज कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने संदेहियों को बुलाकर पूछताछ की और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की।

विवेचना के दौरान मामले में कथित रूप से शामिल कुल 14 आरोपियों को 19 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अजीत सरकार की निशानदेही पर तोड़फोड़ में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा और पत्थर भी जब्त किया गया है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल

पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें अजीत सरकार (28), समीर दास (39), किशोर राजवंशी (21), बप्पी मजूमदार (31), सोनातन उर्फ सनातन सरदार (28), संजीव कुमार मंडल (44), राजेश पाल (29), निर्मल चकवर्ती (33), सुमित समद्दार (31), विकास केशवानी (24), रमेन्द्र उर्फ रमेन मौलिक (39), नेपाल हलदार (53), कल्पना हलदार (47) और अर्जुन उर्फ अरजन हलदार (26) शामिल हैं। सभी आरोपी पखांजूर थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पखांजूर निरीक्षक तेज कुमार वर्मा, थाना प्रभारी गोण्डाहूर निरीक्षक योगेश सोनी, थाना प्रभारी बड़गांव निरीक्षक अनिल पालेश्वर, PSI अमिना, ASI वेदन सलामे, पुरुषोत्तम ठाकुर और बिन्दुलता देवांगन सहित थाना पखांजूर एवं DRG बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पखांजूर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी घटना या विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें। अपनी शिकायतों के समाधान के लिए कानूनी प्रक्रिया अपनाएं और पुलिस का सहयोग करें। पुलिस ने संदिग्ध या आपराधिक गतिविधियों की सूचना हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर देने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Read more

RNews