Monday, November 23, 2026

रायगढ़ में रफ्तार का कहर: रेत लोड ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को कुचला, मौके पर मौत; 4 घंटे चक्काजाम

Share

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में तेज रफ्तार रेत लोड ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक की जान ले ली। कोतरा रोड थाना क्षेत्र के ग्राम कलमी में हुए इस दर्दनाक हादसे में राजेश नारंग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार उनके पिता रमेश्वर नारंग और दादा पिलू राम नारंग को मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। करीब चार घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद प्रशासन की समझाइश और तत्कालिक सहायता राशि मिलने पर ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त किया।

जानकारी के मुताबिक, राजेश नारंग अपने पिता और दादा के साथ सोल्ड होंडा साइन मोटरसाइकिल से ग्राम कलमी से धनागर में आयोजित दशकर्म कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 11 बजे सामने से तेज रफ्तार में रेत लोड ट्रैक्टर आ रहा था। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर को रास्ता देने के लिए तीनों बाइक सवार सड़क किनारे खड़े थे। इसी बीच ट्रैक्टर चालक ने कथित तौर पर लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में ट्रैक्टर का पहिया राजेश के सिर पर चढ़ गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

युवक की मौत की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम शुरू कर दिया और कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही कोतरा रोड पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। वहीं, हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

इधर, नायब तहसीलदार शुभम कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश दी। प्रशासन की ओर से शासन के निर्धारित प्रावधानों के तहत पीड़ित परिवार को तत्कालिक दुर्घटना सहायता राशि उपलब्ध कराई गई। इसके बाद करीब चार घंटे से जारी चक्काजाम समाप्त हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश जारी है।

Read more

RNews