केशकाल। छत्तीसगढ़ के केशकाल नगर में पेयजल संकट ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। नगर के वार्ड क्रमांक 1, 2 और 3 में पिछले छह दिनों से नलों में पानी नहीं आने के कारण रहवासी बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं। बताया जा रहा है कि पानी की सप्लाई करने वाली मोटर खराब होने के चलते तीनों वार्डों में जलापूर्ति ठप हो गई है। छह दिन बीत जाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने से स्थानीय लोगों में नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ नाराजगी बढ़ती जा रही है।
पानी की नियमित आपूर्ति बाधित होने का असर अब लोगों के रोजमर्रा के जीवन पर भी पड़ने लगा है। घरों में पीने के पानी से लेकर खाना बनाने, कपड़े धोने और साफ-सफाई जैसे जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं। खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को पानी की व्यवस्था करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
लगातार छह दिनों से जलसंकट झेल रहे वार्डवासियों का कहना है कि पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा के लिए उन्हें इस तरह परेशान होना पड़ रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से अब तक कोई ठोस समाधान नजर नहीं आया है। लोगों का सवाल है कि जब मोटर खराब होने की जानकारी है, तो उसकी मरम्मत कराने और वैकल्पिक व्यवस्था करने में इतनी देरी क्यों हो रही है?
वार्डवासियों में संबंधित जनप्रतिनिधियों और नगर पंचायत प्रशासन के प्रति भी आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों की मांग है कि खराब मोटर को जल्द से जल्द ठीक कराया जाए और जब तक नियमित जलापूर्ति बहाल नहीं होती, तब तक टैंकर या अन्य वैकल्पिक माध्यमों से पानी उपलब्ध कराया जाए।
फिलहाल वार्ड क्रमांक 1, 2 और 3 के रहवासी पेयजल संकट से राहत मिलने का इंतजार कर रहे हैं। अब देखना होगा कि नगर पंचायत प्रशासन इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेता है और प्रभावित वार्डों में पानी की नियमित सप्लाई कब तक बहाल हो पाती है।
