रायपुर। राजधानी रायपुर के भाठागांव इलाके में सब्जी बाजार हटाने पहुंची नगर निगम की टीम के साथ विवाद के बाद जमकर हंगामा हो गया। कार्रवाई को लेकर मौके पर मौजूद लोगों और निगम कर्मचारियों के बीच कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस घटना में नगर निगम के करीब 4 से 5 कर्मचारियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, मौके पर मौजूद एक पुलिस जवान के भी चोटिल होने की बात कही जा रही है।
सब्जी बाजार हटाने पहुंची थी निगम की टीम
जानकारी के मुताबिक, नगर निगम की टीम भाठागांव क्षेत्र में लगे सब्जी बाजार को हटाने के लिए कार्रवाई करने पहुंची थी। निगम की कार्रवाई शुरू होते ही मौके पर मौजूद लोगों के साथ विवाद की स्थिति बन गई। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।
अचानक हुए हंगामे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान निगम के 4 से 5 कर्मचारियों को चोटें आई हैं। वहीं, स्थिति को संभालने पहुंचे एक पुलिस जवान के भी घायल होने की जानकारी है।
हंगामे के बाद पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। हंगामे के चलते इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल रहा। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटनाक्रम की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
शिकायत के लिए थाने पहुंचे निगम कर्मचारी
घटना के बाद नगर निगम के कर्मचारी शिकायत दर्ज कराने के लिए पुरानी बस्ती थाने पहुंचे। बताया जा रहा है कि शिकायत के आधार पर पुलिस एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है। पुलिस मारपीट में शामिल लोगों की पहचान और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
फिलहाल विवाद की वास्तविक वजह और मारपीट में शामिल लोगों की संख्या को लेकर पुलिस की जांच जारी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
