नारायणगढ़, 1 जुलाई: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को नारायणगढ़ में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के तहत अपना एन्यूमरेशन फॉर्म भरा। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे मतदाता सूची के पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें और समय पर अपने फॉर्म भरकर निर्वाचन प्रक्रिया को मजबूत बनाने में सहयोग करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण आधारशिला है। उन्होंने नागरिकों से बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) का सहयोग करने और अपने नाम, पते तथा अन्य विवरणों का सत्यापन कराकर मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने की अपील की।
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन करना, नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ना, गलतियों को सुधारना तथा अपात्र नामों को हटाना है। इस अभियान के तहत निर्वाचन आयोग घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कर रहा है और एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही निष्पक्ष, पारदर्शी और मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है। उन्होंने सभी मतदाताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया।
