दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में नवरात्रि के दौरान आयोजित गरबा नाइट कार्यक्रम में विवाद का मामला सामने आया है। पद्मनाभपुर स्थित हॉकी ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और आयोजकों के बीच कहासुनी के बाद झूमाझटकी और मारपीट हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, पूर्व महापौर और दुर्ग शहर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष धीरज बाकलीवाल की ओर से दो दिवसीय गरबा नाइट का आयोजन किया गया था। इसी दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में फिल्मी गाने बजाने और मुस्लिम युवकों की मौजूदगी पर आपत्ति जताई।
मंच पर चढ़कर जताया विरोध
वायरल वीडियो में बजरंग दल के जिला संयोजक रामलोचन तिवारी मंच पर चढ़कर माइक के जरिए विरोध जताते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने गरबा को मां दुर्गा की उपासना का पर्व बताते हुए फिल्मी गाने नहीं बजाने और मुस्लिम युवकों की एंट्री पर रोक लगाने की मांग की। इसी दौरान आयोजकों और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद बढ़ गया, जिसके बाद मारपीट की स्थिति बन गई।
वायरल वीडियो की जांच कर रही पुलिस
घटना के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो को लेकर चर्चा तेज हो गई है। फिलहाल आयोजकों की ओर से मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर घटना की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के तथ्यों के आधार पर की जाएगी।
