Saturday, July 25, 2026

सूरजपुर में भूमि अधिग्रहण विवाद ने लिया हिंसक रूप, पुलिस पर पथराव; DSP समेत 24 से अधिक जवान घायल

Share

सूरजपुर।

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में भूमि अधिग्रहण को लेकर चल रहा विवाद शुक्रवार को उस समय हिंसक हो गया, जब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। घटना में डीएसपी राजेश जोशी समेत 24 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। सभी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

यह घटना प्रतापपुर थाना क्षेत्र के मदननगर-धरमपुर इलाके की है। पुलिस के अनुसार, भूमि अधिग्रहण को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। ग्रामीण मुआवजे के बजाय जमीन के बदले जमीन देने की मांग कर रहे हैं, जिसके चलते क्षेत्र में पहले से तनाव की स्थिति बनी हुई थी।

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले प्रशासन की एक सर्वे टीम गांव पहुंची थी, जिसे ग्रामीणों ने कथित तौर पर बंधक बना लिया था।
इस मामले में कार्रवाई के तहत पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम भारी पुलिस बल के साथ आरोपियों को गिरफ्तार करने गांव पहुंची थी। इसी दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया।

देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया और ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर अचानक पथराव शुरू कर दिया। इस हमले में डीएसपी राजेश जोशी सहित 24 से अधिक पुलिसकर्मियों को सिर और शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आईं। पुलिस वाहनों को भी नुकसान पहुंचने की सूचना है।

घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सूरजपुर सहित आसपास के जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। मदननगर-धरमपुर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) योगेश देवांगन ने बताया कि भूमि अधिग्रहण विवाद के दौरान ग्रामीणों द्वारा किए गए पथराव में 24 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। सभी का उपचार कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इलाके में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस घटना में शामिल लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Read more

RNews