रायपुर: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में हुए चर्चित ट्रिपल मर्डर मामले को लेकर एक बार फिर सियासी और सामाजिक हलचल तेज हो गई है। 19 जुलाई को प्रस्तावित श्रद्धांजलि सभा से पहले क्षत्रिय करणी सेना और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने न्याय की मांग को लेकर अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं।
करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजसिंह शेखावत और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह तोमर पहले ही कोरिया न्याय यात्रा के दौरान मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठा चुके हैं। अब संगठन 19 जुलाई को श्रद्धांजलि सभा आयोजित करने की तैयारी में जुटा है। बताया जा रहा है कि यह निर्णय पीड़ित परिवार की सहमति से लिया गया है।
शनिवार को अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर लाइव आए वीरेन्द्र सिंह तोमर ने समाज और विभिन्न संगठनों से श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि न्याय की मांग को लेकर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
इस बीच राज्य सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कोरिया के पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे का तबादला कर उनकी जगह आईपीएस हरीश राठौर को नया एसपी नियुक्त किया है। वहीं,
सोनहत थाना प्रभारी विनोद पासवान का भी स्थानांतरण किया गया है। हालांकि, कुछ सामाजिक संगठनों का कहना है कि केवल तबादले पर्याप्त नहीं हैं और मामले की निष्पक्ष जांच के साथ जिम्मेदार अधिकारियों पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
विधानसभा के मानसून सत्र के बीच यह मामला राजनीतिक रूप से भी चर्चा में है। विपक्ष के इस मुद्दे को सदन में उठाने की संभावना जताई जा रही है। दूसरी ओर, करणी सेना और पीड़ित परिवार का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर संतोषजनक कार्रवाई नहीं होती है तो 19 जुलाई की श्रद्धांजलि सभा के माध्यम से न्याय की मांग को और तेज किया जाएगा।
मामले की जांच जारी है और प्रशासन की ओर से अब तक इस संबंध में विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
0 भौगोलिक परिस्थिति और घटनाचक्र :
- छत्तीसगढ़ के उत्तर – पश्चिमी भाग में कोरिया जिला स्थित है.
- कोरिया जिला सरगुजा सँभाग अँतर्गत आता है.
- बैकुंठपुर में जिले का प्रशासनिक मुख्यालय है.
- बैकुंठपुर से उत्तर – पश्चिम दिशा में सोनहत थाना स्थित है.
- देश में चर्चित तिहरा हत्या काँड़ इसी सोनहत थाना क्षेत्र के नौगई (कटगोड़ी) गाँव में हुआ था.
- जिला मुख्यालय बैकुंठपुर से उत्तर – पश्चिम दिशा की ओर घटनास्थल पड़ता है.
- घटनास्थल की दूरी बैकुंठपुर से तकरीबन 30 किमी है.
- 16 जून 2026 की रात को जनपद पँचायत सोनहत के पूर्व उपाध्यक्ष भरत उर्फ़ लल्ला सिंह गहरवार जिंदा जला दिए गए थे.
- उनके साथ ही नागेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह भी जिंदा जल मरे थे.
- गँभीर रुप से घायल योगेंद्रसिंह चौहान (65), मयंँक सिंह इस हत्याकाँड़ में किसी तरह बचे थे.
- मामले की पुलिस रपट सोनहत थाना में 17 जून 2026 को दर्ज की गई थी.
- रपट अनुसार 25 – 30 आरोपियों ने इस हत्याकाँड़ को अँजाम दिया था.
- अक्षय त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी, अमन त्रिपाठी नामक आरोपियों को सोनहत पुलिस ने 17 जून को गिरफ्तार किया था.
- 20 जून 2026 को मनोज त्रिपाठी, अमन त्रिपाठी, आशुतोष त्रिपाठी, निशान त्रिपाठी नामक आरोपियों ने मनेंद्रगढ़ कोतवाली में आत्मसमर्पण किया था.
- 23 जून को पुलिस ने मनीष त्रिपाठी, जितेंद्र त्रिपाठी, अनिल तिवारी को गिरफ्तार किया था.
- मामले में पुलिस पर ढीली कार्रवाई करने सहित शासन – प्रशासन पर गँभीर आरोप लगते रहे हैं.
- कोरिया की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सुश्री सुरेखा चौबे पर किसी तरह का एक्शन नहीं लिया जाना चर्चा का विषय है.
