Monday, August 24, 2026

खाद की उपलब्धता और धान उठाव को लेकर कांग्रेस मुखर, समितियों का किया निरीक्षण

Share

आरंग। किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने और मंडियों में खरीदी गई धान के उठाव में तेजी लाने की मांग को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देश तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया के मार्गदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की कृषि उपज मंडी एवं प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने समितियों में यूरिया, डीएपी सहित अन्य रासायनिक खाद की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था और किसानों को हो रही परेशानियों की जानकारी ली। वहीं मंडियों में खरीदी गई धान के उठाव की स्थिति का भी जायजा लिया गया। समिति कर्मचारियों के साथ-साथ मौके पर मौजूद किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं जानी गईं।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि खेती के सीजन में किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है। खाद के लिए किसानों को भटकना न पड़े, इसके लिए संबंधित विभाग और समिति प्रबंधन को पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए। नेताओं ने कहा कि मंडियों में खरीदी गई धान का समय पर उठाव नहीं होने से किसानों के साथ-साथ मंडी व्यवस्था पर भी असर पड़ सकता है।

किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस सक्रिय

ब्लॉक कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश एवं जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर किसानों से जुड़ी समस्याओं की जमीनी स्थिति की जानकारी ली जा रही है। डॉ. शिवकुमार डहरिया के मार्गदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार किसानों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं। किसानों की समस्याओं को आवश्यकता पड़ने पर प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा।

व्यवस्था नहीं सुधरी तो आंदोलन की चेतावनी

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने संबंधित अधिकारियों एवं समिति कर्मचारियों से खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मंडियों में धान उठाव की गति बढ़ाने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों को समय पर पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं कराई गई और मंडियों में धान का उठाव तेज नहीं किया गया, तो कांग्रेस किसानों के हित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

Read more

RNews