रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत पुलिस ने पिछले 48 घंटे में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 18.1632 किलोग्राम गांजा, नशीले इंजेक्शन और प्रतिबंधित टैबलेट बरामद किए हैं। इस दौरान पुलिस ने कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, रायगढ़ रेलवे स्टेशन के पास कोतवाली पुलिस, साइबर सेल और RPF की संयुक्त टीम ने 15.1632 किलो गांजा के साथ तीन आरोपियों को पकड़ा। वहीं, नशीले इंजेक्शन और टैबलेट के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा लैलूंगा पुलिस ने 3 किलो गांजा के साथ तीन आरोपियों को पकड़ा है।
रेलवे स्टेशन के पास 15 किलो से ज्यादा गांजा बरामद
पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रायगढ़ रेलवे स्टेशन के मोटरसाइकिल स्टैंड के सामने तीन व्यक्ति गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, साइबर सेल और RPF की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखकर संदिग्धों ने भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने उन्हें पकड़ लिया।पूछताछ में आरोपियों की पहचान त्रिनाथ मलिक (27), ओमप्रकाश राउत (20) और सत्यव्रत मोहन्ती (25) के रूप में हुई। तीनों ओडिशा के पुरी जिले के रहने वाले बताए गए हैं।
तलाशी के दौरान आरोपियों और उनके बैग से 15.1632 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
नशीले इंजेक्शन और टैबलेट के साथ 22 वर्षीय युवक गिरफ्तार
इसी दिन रेलवे स्टेशन के मोटरसाइकिल स्टैंड के पास पुलिस ने नशीले इंजेक्शन और टैबलेट बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे एक युवक को भी गिरफ्तार किया।पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान दीपक डोंगरे (22), निवासी बापूनगर रायगढ़, के रूप में हुई है।
उसके कब्जे से 18 Pentazocine Injection IP 30mg/ml, 17 Nitrazepam Tablets IP, एक इस्तेमाल किया हुआ निडिल-सिरिंज और बिक्री से मिले 200 रुपये बरामद किए गए। जब्त नशीले पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 1,032.96 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास इन दवाओं को रखने या बेचने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। मामले में कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 444/2026 दर्ज कर NDPS एक्ट की धारा 21 और 22 के तहत कार्रवाई की गई है।
लैलूंगा में 3 किलो गांजा के साथ तीन आरोपी पकड़े गए
नशे के खिलाफ अभियान के तहत 19 अगस्त 2026 को लैलूंगा पुलिस ने भी कार्रवाई की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पाकरगांव मुख्य मार्ग के पास तीन लोग गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।
थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन आरोपियों को पकड़ लिया। उनके कब्जे से 3 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।इस कार्रवाई के साथ ही 48 घंटे के भीतर जिले में गांजा और अन्य नशीले पदार्थों के खिलाफ की गई कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 7 हो गई।
‘ऑपरेशन आघात’ के तहत लगातार कार्रवाई
रायगढ़ पुलिस द्वारा जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए ऑपरेशन आघात चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अभियान के तहत संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
रेलवे स्टेशन पर हुई कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी अमित तिवारी, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक, उप निरीक्षक विजय एक्का, ASI विल्फ्रेड मसीह सहित RPF, साइबर सेल और कोतवाली पुलिस की टीम की अहम भूमिका रही।
तस्करी के नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा और अन्य नशीले पदार्थ कहां से लाए गए थे और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गिरफ्तार आरोपी किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े हैं या नहीं।
