लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस से पहले राजधानी लखनऊ में देशभक्ति का जोश देखने को मिला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में शनिवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री आवास से शुरू हुई यह यात्रा सिविल अस्पताल और अटल चौक होते हुए विधानभवन के सामने पहुंची।
तिरंगा यात्रा में बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और स्कूली छात्र भी शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लिए लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ माहौल को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।
यह यात्रा 9 अगस्त को काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों से भी जुड़ी रही। काकोरी कांड के वीर शहीदों की स्मृति को नमन करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काकोरी शहीद स्मारक पहुंचकर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि देश जल्द ही अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने और अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और वीर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से शहीदों के त्याग और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए देश की एकता और विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
मुख्य स्रोत: India.Com – Hindi
