Tuesday, October 13, 2026

श्मशान के पास तंत्र-मंत्र कर रहे थे 9 लोग, ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस ने किया गिरफ्तार

Share

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। रनचिरई थाना क्षेत्र के जोरातराई गांव में श्मशान के पास कथित तौर पर तंत्र-मंत्र जैसी गतिविधियां किए जाने की सूचना के बाद ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने 9 लोगों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

बताया जा रहा है कि श्मशान के पास कुछ लोग कथित रूप से तंत्र-मंत्र की गतिविधि कर रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार, वहां मौजूद लोग एक-दूसरे का मुंडन भी कर रहे थे। पितृ पक्ष से पहले श्मशान के पास इस तरह की गतिविधि देखकर ग्रामीणों को संदेह हुआ और उन्होंने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यह किसी तांत्रिक साधना का हिस्सा हो सकता है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से ऐसी किसी साधना के उद्देश्य की पुष्टि नहीं की गई है।

पुलिस के अनुसार, मौके से नींबू समेत कुछ अन्य सामग्री भी बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। शिकायत के आधार पर रनचिरई थाना पुलिस ने 9 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया और उन्हें गिरफ्तार कर गुण्डरदेही न्यायालय में पेश किया। अदालत ने सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

मामले को लेकर बालोद के एडिशनल एसपी चन्द्रकान्त गवर्ना ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर रनचिरई थाने में 9 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई के बाद सभी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया कर रही है।

श्मशान के पास हुई इस घटना की जानकारी सामने आने के बाद गांव में भी चर्चा का माहौल है। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई के बाद मामला न्यायिक प्रक्रिया में है और कथित तंत्र-मंत्र गतिविधि के पीछे वास्तविक उद्देश्य क्या था, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Read more

RNews