Monday, August 24, 2026

IGKV पेपर लीक मामले में बड़ा खुलासा, प्रोफेसर समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

Share

रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) की बीएससी एग्रीकल्चर द्वितीय वर्ष की एंटोमोलॉजी परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में पुलिस जांच में बड़ा खुलासा सामने आया है। मामले में एक प्रोफेसर समेत कुल 6 आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई है। पेपर लीक का कनेक्शन दुर्ग के एक निजी कॉलेज से जुड़ता बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, 20 अगस्त को होने वाली बीएससी एग्रीकल्चर द्वितीय वर्ष की एंटोमोलॉजी परीक्षा से करीब दो घंटे पहले प्रश्नपत्र WhatsApp के जरिए छात्रों के बीच वायरल हो गया था। शिकायत मिलने के बाद विश्वविद्यालय ने परीक्षा रद्द कर दी थी।

WhatsApp के जरिए छात्रों तक पहुंचा पेपर

पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रश्नपत्र WhatsApp के माध्यम से छात्रों तक पहुंचा। तकनीकी जांच, मोबाइल चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस संदिग्धों तक पहुंची। जांच के दौरान कुछ छात्रों की भूमिका भी सामने आने की बात कही जा रही है।

पुलिस ने मामले की जांच के सिलसिले में रायपुर, दुर्ग, कवर्धा, राजनांदगांव और बिलासपुर में दबिश दी। अब तक 16 से ज्यादा लोगों से पूछताछ किए जाने की जानकारी है। वहीं, कवर्धा के दो छात्रों से भी पूछताछ की गई है।

निजी कॉलेज से जुड़ा कनेक्शन

जांच के दौरान पेपर लीक मामले का कनेक्शन दुर्ग स्थित एक निजी कॉलेज से सामने आने की बात कही जा रही है। इसी सिलसिले में एक प्रोफेसर समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पेपर लीक की पूरी कड़ी और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।

तेलीबांधा थाने में FIR दर्ज

पेपर लीक मामले में रायपुर के तेलीबांधा थाने में FIR दर्ज की गई है। विश्वविद्यालय की ओर से भी मामले की जांच के लिए एक समिति गठित की गई थी। पुलिस अब तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल चैट और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

Read more

RNews