Tuesday, October 13, 2026

इनोवा बनी गांजा तस्करी का जरिया, महासमुंद में 132 किलो गांजे के साथ दो गिरफ्तार

Share

महासमुंद। छत्तीसगढ़ में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बसना थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान एक इनोवा कार से 132 किलो गांजा बरामद किया है। मामले में महाराष्ट्र के रहने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गांजा, इनोवा कार और दो मोबाइल फोन समेत कुल 81 लाख 20 हजार रुपये की अनुमानित कीमत की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस के मुताबिक, जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और परिवहन पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक संदिग्ध इनोवा कार छत्तीसगढ़ की सीमा में प्रवेश करने वाली है। सूचना मिलते ही बसना पुलिस और ANTF की टीम ने संबंधित मार्ग पर नाकाबंदी कर वाहनों की निगरानी शुरू कर दी।

कुछ देर बाद मुखबिर द्वारा बताए गए नंबर MH 04 GM 8841 की इनोवा कार ओडिशा की तरफ से आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। वजन कराने पर गांजे की कुल मात्रा 132 किलोग्राम निकली।

पुलिस ने कार में सवार दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उनकी पहचान गणेश बाजे (42), निवासी पिपलवंडी, जिला पुणे और विपुल भालेराव (36), निवासी कलंब, तालुका आंबेगांव, जिला पुणे, महाराष्ट्र के रूप में हुई है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे ओडिशा के तुमुड़ीबंध, जिला कंधमाल से गांजा लेकर महाराष्ट्र के पुणे जा रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप उन्हें किसने उपलब्ध कराई थी और पुणे में इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, बरामद 132 किलो गांजे की अनुमानित कीमत करीब 66 लाख रुपये है। इसके अलावा गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही इनोवा कार की कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं, जिनकी कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है। इस तरह जब्ती की कुल अनुमानित कीमत 81 लाख 20 हजार रुपये है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना बसना में NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है। पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल फोन और अन्य माध्यमों से उनके संपर्कों की जानकारी जुटा रही है। जांच का मुख्य फोकस गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क, सप्लायर और संभावित खरीदारों तक पहुंचने पर है।

महासमुंद पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन निश्चय के तहत अंतरराज्यीय सीमाओं और प्रमुख मार्गों पर लगातार निगरानी एवं वाहन जांच की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Read more

RNews