नई दिल्ली: भारत ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि ‘पाकिस्तानी कश्मीर’ जैसी कोई मान्यता प्राप्त इकाई नहीं है, बल्कि यह पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाला कश्मीर (PoK) है, जो भारत का अभिन्न अंग है। भारत ने अमेरिकी अखबार द न्यूयॉर्क टाइम्स (NYT) द्वारा अपनी एक रिपोर्ट में PoK को “Pakistani Kashmir” कहे जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस तरह की शब्दावली तथ्यों को गलत तरीके से प्रस्तुत करती है और लोगों को गुमराह करती है। भारत ने दोहराया कि पूरा जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत का अभिन्न हिस्सा हैं तथा पाकिस्तान के कब्जे वाला क्षेत्र भी भारत का ही हिस्सा है।
दरअसल, द न्यूयॉर्क टाइम्स ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में हालिया झड़पों और स्थानीय चुनावों को लेकर एक रिपोर्ट प्रकाशित की थी। रिपोर्ट में मीरपुर में पुलिस और जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी के सदस्यों के बीच हुई हिंसक झड़प का उल्लेख करते हुए उस क्षेत्र को “Pakistani Kashmir” कहा गया था। यह संगठन नागरिक अधिकारों और कथित पुलिस अत्याचार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहा था।
भारत ने इस शब्दावली पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मीडिया को ऐसे संवेदनशील मुद्दों पर सटीक और तथ्यपरक भाषा का इस्तेमाल करना चाहिए। भारत का कहना है कि “Pakistani Kashmir” कहना न केवल भ्रामक है, बल्कि भारत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के स्थापित रुख के विपरीत भी है।
