Tuesday, October 13, 2026

राहुल-प्रियंका गांधी समेत INDIA ब्लॉक सांसदों का नीति आयोग के पास धरना, CEC के इस्तीफे की मांग

Share

नई दिल्ली। चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्ष का विरोध प्रदर्शन मंगलवार को दिल्ली में तेज हो गया। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा समेत INDIA ब्लॉक के कई सांसदों ने संसद भवन से चुनाव आयोग के कार्यालय की ओर मार्च किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारी सांसदों को नीति आयोग कार्यालय के पास रोक दिया, जिसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य विपक्षी सांसद सड़क पर धरने पर बैठ गए।

विपक्षी सांसदों का यह मार्च मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर था। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि SIR प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस द्वारा आगे बढ़ने से रोके जाने के बाद सांसदों ने नीति आयोग और आकाशवाणी भवन के बीच सड़क पर बैठकर विरोध जताया।

प्रदर्शन के दौरान विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी की और CEC के खिलाफ अपनी मांग दोहराई। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भी ज्ञानेश कुमार से इस्तीफा देने की मांग की। वहीं, प्रदर्शन के दौरान कुछ विपक्षी सांसद पुलिस बैरिकेड पर चढ़ते हुए भी नजर आए।

प्रदर्शन को देखते हुए संसद भवन, विजय चौक, नीति आयोग और चुनाव आयोग कार्यालय के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई थी। दिल्ली पुलिस ने कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की थी, जिसके चलते विपक्षी सांसदों को आगे बढ़ने से रोक दिया गया।

बाद में पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में भी लिया। विपक्षी दलों का कहना है कि वे चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर अपना विरोध जारी रखेंगे।

Read more

RNews