Monday, August 24, 2026

आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग, वीरेंद्र सिंह तोमर ने पीड़ित परिवारों के लिए एक-एक करोड़ रुपये सहायता की उठाई आवाज

Share

रायपुर। जम्मू-कश्मीर में हुए हालिया आतंकी हमले की क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर ने कड़ी निंदा करते हुए इसे कायरतापूर्ण और अमानवीय कृत्य बताया है। उन्होंने कहा कि निर्दोष लोगों की हत्या मानवता, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्र की एकता पर सीधा हमला है।

वीरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि आतंकवाद किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है और इसके खिलाफ पूरे देश को एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से आतंकवाद के खिलाफ और अधिक प्रभावी एवं निर्णायक कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा आतंकवादी नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि आतंकवादी लोगों की पहचान या धर्म पूछकर उनकी हत्या करते हैं, तो यह केवल एक आपराधिक घटना नहीं बल्कि देश की सामाजिक एकता को चुनौती देने का प्रयास है। ऐसे कृत्यों की सभी नागरिकों और राजनीतिक दलों को एक स्वर में निंदा करनी चाहिए।

तोमर ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद लंबे समय से भारत के लिए चुनौती बना हुआ है। उन्होंने कहा कि भारत आतंकवाद के सामने कभी नहीं झुकेगा और देश की सेना, सुरक्षा एजेंसियां तथा नागरिक मिलकर इसका मुंहतोड़ जवाब देंगे।

अपने बयान में उन्होंने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) का भी उल्लेख करते हुए कहा कि यह भारत का अभिन्न अंग है और भविष्य में इसे भारत का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पाकिस्तान अपनी आंतरिक समस्याओं से ध्यान हटाने के लिए जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देता है।

आतंकी हमले में जान गंवाने वाले मजदूरों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए वीरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि किसी परिवार के कमाने वाले सदस्य की मृत्यु पूरे परिवार के जीवन को प्रभावित करती है। ऐसे समय में सरकारों को पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा होना चाहिए।

उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार और केंद्र सरकार से मांग की कि कश्मीर में मारे गए छत्तीसगढ़ के प्रत्येक मजदूर के परिवार को राज्य सरकार द्वारा 50 लाख रुपये और केंद्र सरकार द्वारा 50 लाख रुपये, कुल एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ताकि पीड़ित परिवारों को आर्थिक संबल मिल सके।

वीरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि क्षत्रिय करणी सेना हमेशा राष्ट्रहित, समाजहित और पीड़ितों के अधिकारों की आवाज उठाती रही है। उन्होंने देशवासियों से शांति, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई केवल सुरक्षा बलों की नहीं, बल्कि पूरे देश की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य सरकारें पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएंगी और आतंकवाद के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रखेंगी।

Read more

RNews