नई दिल्ली। नशीले पदार्थों के खिलाफ देशव्यापी लड़ाई को नई दिशा देने के लिए केंद्र सरकार 26 जून को एक महत्वपूर्ण पहल करने जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नार्को-कोऑर्डिनेशन सेंटर (NCORD) की 10वीं एपेक्स लेवल बैठक में अगले तीन वर्षों के लिए तैयार किए गए ‘विजन डॉक्यूमेंट 2026-2029’ का विमोचन करेंगे। इस रणनीतिक दस्तावेज का उद्देश्य देश में ड्रग्स तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण, युवाओं को नशे से बचाना और पुनर्वास व्यवस्था को मजबूत बनाना है।
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की ओर से आयोजित इस बैठक में केंद्र और राज्यों के बीच समन्वय को और मजबूत बनाने पर विशेष जोर रहेगा। बैठक में 44 केंद्रीय मंत्रालयों, विभागों और सभी राज्यों के कुल 108 वरिष्ठ प्रतिनिधि भाग लेंगे।
6,000 करोड़ रुपये के ड्रग्स होंगे नष्ट
बैठक के दौरान देशभर में चलाए गए विशेष ‘ड्रग डिस्पोजल फोर्टनाइट’ अभियान के तहत करीब 2.09 लाख किलोग्राम नशीले पदार्थों को नष्ट किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी अनुमानित कीमत लगभग 6,000 करोड़ रुपये आंकी गई है। सरकार का मानना है कि यह कार्रवाई ड्रग माफियाओं के खिलाफ सख्त संदेश देने के साथ-साथ कानून प्रवर्तन एजेंसियों की प्रतिबद्धता को भी दर्शाएगी।
सीमावर्ती इलाकों में बढ़ेगी निगरानी
गृह मंत्री अमित शाह इस अवसर पर जम्मू और गुवाहाटी में स्थापित नए NCB जोनल कार्यालयों का भी डिजिटल उद्घाटन करेंगे। इन कार्यालयों से सीमावर्ती और संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रग्स तस्करी की गतिविधियों पर निगरानी और कार्रवाई को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
जारी होगी NCB की वार्षिक रिपोर्ट
बैठक में NCB की वार्षिक रिपोर्ट-2025 भी सार्वजनिक की जाएगी। रिपोर्ट में वर्षभर के दौरान ड्रग्स के खिलाफ चलाए गए अभियानों, बरामदगी, गिरफ्तारी और नेटवर्क ध्वस्तीकरण से जुड़े प्रमुख आंकड़े शामिल होंगे।
नए विजन डॉक्यूमेंट की प्रमुख प्राथमिकताएं
गृह मंत्रालय के अनुसार ‘विजन डॉक्यूमेंट 2026-2029’ व्यापक परामर्श और विभिन्न एजेंसियों के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। इसमें सिंथेटिक ड्रग्स, डार्कनेट आधारित तस्करी, अंतर-एजेंसी समन्वय, तकनीकी निगरानी और सीमा सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता दी गई है।
साथ ही युवाओं के बीच जागरूकता अभियान चलाने, स्कूल-कॉलेज स्तर पर नशा विरोधी कार्यक्रमों को बढ़ावा देने और नशे की लत से प्रभावित लोगों के लिए पुनर्वास सुविधाओं का विस्तार करने की भी योजना शामिल है।
