रायपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मतदाता सूची में बदलावों को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन शुक्रवार को राजधानी रायपुर में जोरदार रहा। बारिश के बीच बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता निर्वाचन कार्यालय का घेराव करने पहुंचे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई और इस्तीफे की मांग उठाई। कांग्रेस ने देशभर में राज्य निर्वाचन कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन का आह्वान किया था।
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने निर्वाचन कार्यालय के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। कार्यालय की ओर जाने वाले रास्ते पर कई स्तरों में बैरिकेडिंग की गई थी। हालांकि, प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिस की बैरिकेडिंग को पार करते हुए आगे बढ़े और तीन बैरिकेड तोड़कर निर्वाचन कार्यालय के करीब पहुंच गए।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और झूमाझटकी की स्थिति भी बनी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सामने पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें निर्वाचन कार्यालय के मुख्य परिसर की ओर आगे बढ़ने से रोक दिया।
SIR और मतदाता सूची को लेकर कांग्रेस के आरोप
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि SIR प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं। पार्टी का दावा है कि मतदाताओं के नाम हटाने और जोड़ने की प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई। कांग्रेस ने इन बदलावों की स्वतंत्र जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। पार्टी की ओर से उनके खिलाफ कार्रवाई और पद से हटाने की मांग की जा रही है। कांग्रेस ने यह भी कहा है कि SIR के दौरान लिए गए फैसलों और मतदाता सूची में किए गए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा होनी चाहिए।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मुख्य परिसर तक जाने से रोका
रायपुर में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन कार्यालय तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। बैरिकेड तोड़े जाने के बाद कुछ समय के लिए पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बनी। फिलहाल पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को निर्वाचन कार्यालय के मुख्य परिसर तक पहुंचने से रोक दिया।
कांग्रेस की ओर से यह प्रदर्शन SIR और मतदाता सूची से जुड़े विवाद को लेकर देशव्यापी विरोध कार्यक्रम का हिस्सा है। पार्टी ने 28 सितंबर को जिला कांग्रेस कमेटियों द्वारा जिला कलेक्ट्रेट तक विरोध मार्च निकालने का भी ऐलान किया है।
