Monday, October 12, 2026

स्लाइस पिलाकर बेहोश करने का आरोप, महिला से दुष्कर्म के बाद आपत्तिजनक फोटो से ब्लैकमेलिंग; आरोपी गिरफ्तार महिला से वसूले 1 लाख

Share

डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ से महिला से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने दस्तावेज देने के बहाने महिला को बुलाया, कार में बैठाकर रास्ते में स्लाइस पिलाई। इसके बाद महिला को चक्कर आने लगे। आरोप है कि आरोपी उसे डोंगरगढ़ मंदिर के आसपास स्थित एक मकान में ले गया और उसकी इच्छा के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए।

पुलिस के अनुसार घटना 18 दिसंबर 2025 की है। आरोपी आदित्य अग्रवाल ने महिला को कुछ दस्तावेज देने के बहाने उसके ऑफिस के बाहर बुलाया था। महिला के कार में बैठने के बाद आरोपी ने रास्ते में उसे पेय पदार्थ पिलाया। कुछ देर बाद महिला की तबीयत बिगड़ने लगी और उसे चक्कर आने लगे।

आरोप है कि इसके बाद आरोपी महिला को डोंगरगढ़ मंदिर के आसपास स्थित एक मकान के कमरे में ले गया। शिकायत के मुताबिक, शाम करीब 4 बजे वहां महिला की इच्छा के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए गए। इसके बाद शाम करीब 7 बजे आरोपी उसे उसके घर के पास गली में छोड़कर चला गया।

आपत्तिजनक फोटो के नाम पर शुरू हुई ब्लैकमेलिंग

पुलिस के मुताबिक घटना के बाद आरोपी ने महिला को कथित तौर पर आपत्तिजनक तस्वीरों के जरिए धमकाना शुरू किया। 1 जनवरी 2026 को आरोपी महिला के ऑफिस पहुंचा और उसके साथ घूमने चलने के लिए कहा। महिला के मना करने पर आरोपी ने कथित तौर पर आपत्तिजनक फोटो दिखाए और उन्हें उसके पति को भेजने तथा वायरल करने की धमकी दी।

शिकायत के अनुसार आरोपी ने फोटो सार्वजनिक करने की धमकी देकर महिला से पैसों की मांग शुरू कर दी। महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उससे 9 हजार रुपये नकद और करीब एक लाख रुपये ऑनलाइन लिए।

लगातार धमकियों से परेशान होकर थाने पहुंची महिला

महिला का आरोप है कि आरोपी लगातार उस पर दबाव बना रहा था और धमकियां दे रहा था। लगातार मानसिक दबाव के बाद महिला ने डोंगरगढ़ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने BNS की धारा 64, 308 और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की और मामले से जुड़े साक्ष्यों की जांच की।

आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया

पुलिस के मुताबिक जांच और पूछताछ के दौरान आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद 8 अक्टूबर 2026 को आदित्य अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी खैरागढ़ के कुम्हारपारा, वार्ड नंबर 9, इतवारी बाजार का निवासी बताया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

Read more

RNews