Monday, August 24, 2026

रामनामी सम्प्रदाय को राष्ट्रीय सम्मान, बोले वीरेन्द्र सिंह तोमर—’काश, चंदा विवाद में नाम आने वाले भी कुछ सीख लेते'”

Share

रायपुर।

रामनामी सम्प्रदाय पर बनी डॉक्यूमेंट्री को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने पर क्षत्रिय करणी सेना के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह तोमर ने सम्प्रदाय को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल एक समुदाय का नहीं, बल्कि प्रभु राम के प्रति अटूट आस्था और समर्पण का सम्मान है।

तोमर ने कहा कि रामनामी सम्प्रदाय अपनी अनूठी भक्ति परंपरा के कारण पूरे देश और दुनिया में अलग पहचान रखता है। इस समाज के लोग अपने शरीर पर ‘राम-नाम’ का गोदना गुदवाते हैं, रामनामी वस्त्र धारण करते हैं और अपने घरों की दीवारों पर भी राम-नाम अंकित करते हैं। यही उनकी आस्था और श्रद्धा का सबसे बड़ा प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि रामनामी सम्प्रदाय का संघर्ष करीब दो शताब्दियों पुराना है। जब उन्हें भगवान राम के मंदिरों में प्रवेश और पूजा-अर्चना से वंचित किया गया, तब उन्होंने अपने शरीर और अपने घरों को ही राममय बना लिया। उनके हृदय, उनकी वाणी और उनके जीवन में केवल प्रभु राम का नाम बसता है।

इस अवसर पर वीरेन्द्र सिंह तोमर ने हाल ही में सामने आए राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा गड़बड़ी के मामलों पर भी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आस्था के नाम पर किसी भी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार निंदनीय है।

उन्होंने कहा, “काश, आस्था पर डाका डालने वाले लोग रामनामी सम्प्रदाय से कुछ सीख लेते। जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी भगवान राम के प्रति अपनी भक्ति और ईमानदारी को कभी नहीं छोड़ा, उनसे समाज को प्रेरणा लेनी चाहिए।”

Read more

RNews