नई दिल्ली। आगामी 2027 पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। पार्टी हाईकमान ने बुधवार को पंजाब के लिए नई चुनावी संगठनात्मक संरचना का ऐलान करते हुए कई वरिष्ठ नेताओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इन नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
- पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को कैंपेन कमेटी (Campaign Committee) का अध्यक्ष बनाया गया।
- पूर्व मंत्री विजय इंदर सिंगला को इलेक्शन मैनेजमेंट एंड कोऑर्डिनेशन कमेटी की कमान सौंपी गई।
- सुखजिंदर सिंह रंधावा को कोर कमेटी का चेयरमैन नियुक्त किया गया।
- सांसद डॉ. अमर सिंह को मेनिफेस्टो कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया।
- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग अपने पद पर बने रहेंगे।
- विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा भी अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे।
कांग्रेस ने क्यों किया संगठनात्मक बदलाव?
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी बयान के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न चुनाव संबंधी समितियों के अध्यक्षों और सह-अध्यक्षों की नियुक्तियों को मंजूरी दी है। पार्टी का उद्देश्य चुनावी तैयारियों को मजबूत करना और संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करना है।
2027 चुनाव पर कांग्रेस की नजर
पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने अनुभवी नेताओं पर भरोसा जताया है। पार्टी ने राज्य नेतृत्व में कोई बड़ा बदलाव किए बिना चुनावी प्रबंधन और प्रचार अभियान के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया है। इसे आगामी चुनावों के लिए कांग्रेस की रणनीतिक तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।
