Thursday, October 15, 2026

ईरान में बढ़ा युद्ध का खतरा, भारत ने नागरिकों से कहा- तुरंत देश छोड़ें

Share

डिल ईस्ट में इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य टकराव ने पूरे क्षेत्र को एक बार फिर युद्ध के मुहाने पर ला खड़ा किया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए भारत सरकार ने ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए सख्त एडवाइजरी जारी करते हुए उन्हें जल्द से जल्द देश छोड़ने की सलाह दी है। साथ ही भारतीयों को फिलहाल ईरान की यात्रा नहीं करने की चेतावनी भी दी गई है। भारतीय दूतावास ने क्षेत्र में तेजी से बदलते सुरक्षा हालात को देखते हुए यह कदम उठाया है।

तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने अपने ताजा बयान में कहा है कि क्षेत्र में हालिया घटनाक्रम और बढ़ते सुरक्षा जोखिमों को देखते हुए भारतीय नागरिक ईरान की किसी भी गैर-जरूरी यात्रा से बचें। दूतावास ने ईरान में मौजूद भारतीयों से उपलब्ध परिवहन साधनों का उपयोग कर जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों पर जाने या देश छोड़ने का आग्रह किया है।

दरअसल, सोमवार को इजरायल और ईरान के बीच एक बार फिर सीधे सैन्य हमले शुरू हो गए। रिपोर्टों के अनुसार इजरायली हमलों में ईरान के कई महत्वपूर्ण ठिकाने निशाने पर रहे, जबकि जवाबी कार्रवाई में ईरान ने भी मिसाइल हमले किए। दोनों देशों के बीच बढ़ते संघर्ष ने पूरे पश्चिम एशिया में अस्थिरता की आशंका को बढ़ा दिया है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह स्थिति इसलिए भी चिंताजनक है क्योंकि कुछ समय पहले ही दोनों देशों के बीच तनाव कम करने की कोशिशें हुई थीं। अब ताजा हमलों ने क्षेत्रीय शांति पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। भारत ने भी इस घटनाक्रम को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए सभी पक्षों से संयम बरतने और तनाव कम करने की अपील की है।

विदेश मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार भारतीय दूतावास लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए अतिरिक्त कदम भी उठाए जा सकते हैं। ईरान में रहने वाले भारतीय छात्रों, व्यापारियों, तीर्थयात्रियों और अन्य नागरिकों को दूतावास के संपर्क में रहने तथा स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

मिडिल ईस्ट में तेजी से बदलते हालात के बीच भारत सरकार की यह अब तक की सबसे सख्त चेतावनियों में से एक मानी जा रही है। ऐसे में ईरान में मौजूद भारतीयों के लिए सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और जल्द से जल्द सुरक्षित स्थान पर पहुंचने की सलाह दी गई है।

Read more

RNews