कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शनिवार को राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा विरोध प्रदर्शन आयोजित किया। प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक सात घंटे की अनुमति दी है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके भी अमेरिका से भारत लौटकर सीधे इस प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे। प्रदर्शन के मद्देनजर जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों को हाई सिक्योरिटी जोन में तब्दील कर दिया गया है।
- अमेरिका से लौटे अभिजीत दीपके
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट से दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे। इमिग्रेशन प्रक्रिया पूरी करने के बाद वे संसद मार्ग थाना के लिए रवाना हुए। एयरपोर्ट से बाहर निकलते समय उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर की पुस्तक हाथ में लेकर समर्थकों का अभिवादन किया। इस दौरान उनके समर्थन में नारेबाजी भी की गई।
- जंतर-मंतर पर जुटी समर्थकों की भीड़
प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में युवाओं और समर्थकों का जुटना शुरू हो गया। प्रदर्शनकारी हाथों में तिरंगा, डॉ. अंबेडकर की तस्वीरें और विभिन्न मांगों से जुड़े पोस्टर लेकर पहुंचे। कई लोग कॉकरोच के मास्क पहनकर विरोध दर्ज कराते नजर आए, जबकि कुछ प्रदर्शनकारी शांति के प्रतीक के रूप में गुलाब के फूल लेकर पहुंचे।
- ‘आजादी-आजादी’ के नारों से गूंजा प्रदर्शन स्थल
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी की। कई जगहों पर ‘आजादी-आजादी’ के नारे सुनाई दिए। प्रदर्शनकारी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं और अपनी विभिन्न मांगों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध जता रहे हैं।
- सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रदर्शन को देखते हुए नई दिल्ली क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है। पुलिस ने जंतर-मंतर के दोनों ओर मल्टी-लेयर बैरिकेडिंग की है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। प्रदर्शनकारियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।
जंतर-मंतर की ओर जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर लोहे और कंक्रीट के बैरिकेड लगाए गए हैं। प्रदर्शन स्थल पर प्रवेश से पहले लोगों से सघन पूछताछ की जा रही है और सुरक्षा जांच के बाद ही अंदर जाने की अनुमति दी जा रही है। शुरुआती घंटों में मीडिया की एंट्री भी सीमित रखी गई।
- दिल्ली एयरपोर्ट से जंतर-मंतर तक बढ़ी हलचल
सुबह से ही दिल्ली एयरपोर्ट के बाहर और जंतर-मंतर क्षेत्र में गतिविधियां तेज हो गई थीं। एयरपोर्ट के गेट नंबर 6 के बाहर समर्थकों की भीड़ जमा रही, जबकि जंतर-मंतर पर लगातार लोगों का पहुंचना जारी रहा। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
