चाईबासा। छत्तीसगढ़ से जमशेदपुर जा रहे एक परिवार के साथ झारखंड में भीषण सड़क हादसा हो गया। पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र में कुदापी डाउन के पास कार और ट्रेलर की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
छत्तीसगढ़ से जमशेदपुर जा रहा था परिवार
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार में एक ही परिवार के लोग सवार थे और वे छत्तीसगढ़ से जमशेदपुर जा रहे थे। इसी दौरान कुदापी डाउन के पास सामने से आ रहे ट्रेलर से कार की भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
दो लोग गंभीर रूप से घायल
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
दुर्घटना की सूचना मिलने पर हाटगम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव की कार्रवाई कराई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की।
थाना प्रभारी उत्तम तिवारी के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में कार और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की टक्कर की बात सामने आई है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
