अंबिकापुर। शहर के नमनाकला क्षेत्र में ख्रिस्त मिलन आश्रम के ग्राउंड में बैठे दो युवकों पर आश्रम के एक फादर द्वारा एयरगन से फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में एक युवक घायल हो गया। शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल एयरगन जब्त कर आरोपी फादर को हिरासत में लिया है।
मैदान में बैठे थे दोनों युवक
जानकारी के मुताबिक, खटिकपारा निवासी आयुष सोनकर अपने साथी आजाद सोनकर के साथ नमनाकला स्थित ख्रिस्त मिलन आश्रम के ग्राउंड में बैठकर बातचीत कर रहा था। दोनों युवकों का कहना है कि वे पहले भी इस मैदान में आते-जाते रहे हैं।
बताया गया कि मैदान खटिक मोहल्ले से लगा हुआ है और आसपास के बच्चे भी यहां खेलने आते हैं। इसी दौरान आश्रम के फादर वहां पहुंचे और दोनों युवकों को देखकर नाराजगी जताई। आरोप है कि इसके बाद उन्होंने एयरगन से युवकों की ओर फायर कर दिया।
छर्रा लगने से युवक घायल
फायरिंग के दौरान एयरगन का छर्रा आयुष सोनकर को लग गया। उसके पैर और गले में छर्रे लगने से चोट आई है। घटना के बाद दोनों युवक घबरा गए और वहां से निकलने की कोशिश की।
पीड़ित युवक ने आरोप लगाया कि फायरिंग के बाद फादर उनके पास पहुंचे और गड़ासा दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद घायल आयुष सोनकर ने कोतवाली थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की।
एयरगन जब्त, आरोपी हिरासत में
शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी फादर को हिरासत में लिया और घटना में इस्तेमाल की गई एयरगन को जब्त कर लिया।
कोतवाली थाना प्रभारी अखिलेश सिंह के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है और शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
घटना की वजह की जांच जारी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों युवकों और फादर के बीच विवाद की वास्तविक वजह क्या थी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से कोई विवाद था या नहीं।
पीड़ित युवक का कहना है कि वह बचपन से इस मैदान में आता रहा है और मैदान का आहाता टूटा होने के कारण आसपास के लोग और बच्चे भी वहां आते-जाते हैं। फिलहाल घायल युवक का इलाज कराया जा रहा है और पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
