Tuesday, August 25, 2026

दिल्ली में गूंजेगी नागालैंड की संस्कृति, 26 अगस्त को ‘Hornbill Festival 2026’ का आयोजन

Share

दिल्ली। नागालैंड की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं, लोक कला और संगीत को देशभर में पहचान दिलाने की दिशा में हॉर्नबिल फेस्टिवल 2026 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी कड़ी में 26 अगस्त 2026 को नई दिल्ली स्थित प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में ‘Ticket to Hornbill 2026’ नाम से राष्ट्रीय प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम हॉर्नबिल फेस्टिवल की प्रस्तावना के तौर पर आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य देशभर के लोगों को नागालैंड की सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन की संभावनाओं से रूबरू कराना है।

नागालैंड सरकार के पर्यटन विभाग और TaFMA के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की शुरुआत शाम 6 बजे होगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में नागालैंड के पर्यटन मंत्री तेमजेन इम्ना अलोंग, मुख्यमंत्री के सलाहकार अबू मेथा और Casio India के प्रबंध निदेशक ताकुतो किमुरा समेत कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहेंगी। कार्यक्रम के संयोजक और TaFMA के अध्यक्ष तेजा मेरु ने देशभर के मीडिया प्रतिनिधियों को इस विशेष आयोजन में शामिल होने का निमंत्रण दिया है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हॉर्नबिल फेस्टिवल 2026 की तैयारियों, नागालैंड में पर्यटन की संभावनाओं और राज्य की समृद्ध लोक कला एवं सांस्कृतिक परंपराओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद मीडिया प्रतिनिधियों के लिए विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और इंटरैक्टिव सेशन भी आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के समापन पर रात्रिभोज का आयोजन होगा, जिसमें नागालैंड की संस्कृति और खान-पान की झलक देखने को मिलेगी।

हॉर्नबिल फेस्टिवल नागालैंड की सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा प्रमुख उत्सव है, जिसमें राज्य की विभिन्न जनजातियों की परंपराओं, संगीत, नृत्य, हस्तशिल्प और खान-पान को एक मंच पर प्रस्तुत किया जाता है। दिल्ली में आयोजित होने वाली यह प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉर्नबिल फेस्टिवल 2026 को राष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करने के साथ ही नागालैंड को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में बढ़ावा देने की दिशा में अहम पहल मानी जा रही है।

Read more

RNews