Tuesday, August 25, 2026

बीजेपी सरकार के खिलाफ युवाओं का आक्रोश, पुलिस भर्ती को लेकर कवर्धा में जोरदार प्रदर्शन

Share

कवर्धा/रायपुर। छत्तीसगढ़ में पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार जारी है। भर्ती प्रक्रिया में रिक्त रह गए पदों को भरने और दूसरी चयन सूची जारी करने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी कवर्धा में गृहमंत्री विजय शर्मा के आवास के बाहर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं।

अभ्यर्थियों का दावा है कि 5,967 पदों के लिए आयोजित भर्ती प्रक्रिया में बड़ी संख्या में पद अब भी खाली हैं। उनका कहना है कि सूचना के अधिकार (RTI) से प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब 1,940 पदों पर अब तक नियुक्ति नहीं हो पाई है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि इन रिक्त पदों को भरने के लिए जल्द से जल्द दूसरी मेरिट लिस्ट जारी की जाए।

एक अभ्यर्थी के कई स्थानों पर चयन का दावा

आंदोलन कर रहे युवाओं का आरोप है कि कुछ अभ्यर्थियों के नाम अलग-अलग जिलों की चयन और प्रतीक्षा सूचियों में एक से अधिक बार शामिल हुए हैं। उनके मुताबिक, एक ही उम्मीदवार का नाम कई जिलों की सूचियों में आने से बड़ी संख्या में पद रिक्त रह गए।

बारिश के बीच भी जारी है धरना

कवर्धा में चल रहे आंदोलन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से अभ्यर्थी पहुंचे हैं। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, कोण्डागांव, जांजगीर-चांपा समेत कई जिलों से आए युवा टेंट लगाकर धरना दे रहे हैं। बारिश के बावजूद अभ्यर्थी मौके पर डटे हुए हैं और वहीं भोजन बनाकर रात भी गुजार रहे हैं।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कई अभ्यर्थी गृहमंत्री विजय शर्मा से नियुक्ति की गुहार लगाते दिखाई दे रहे हैं। कुछ वीडियो में युवा भावुक होकर अपनी मांग पूरी करने की अपील करते नजर आ रहे हैं।

दूसरी मेरिट लिस्ट जारी करने की मांग

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया में रिक्त पदों को भरने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक खाली पदों को भरने के लिए दूसरी चयन सूची जारी नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

अभ्यर्थियों ने सरकार से भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने और पात्र उम्मीदवारों को रिक्त पदों पर अवसर देने की मांग की है। वहीं, इस पूरे मामले में संबंधित विभाग की ओर से आधिकारिक तौर पर रिक्त पदों और दूसरी सूची को लेकर अंतिम निर्णय का इंतजार है।

Read more

RNews