Monday, August 24, 2026

कुलगाम में आतंकियों का कायराना हमला: छत्तीसगढ़ के मजदूर की मौत, एक गंभीर घायल

Share

कुलगाम (जम्मू-कश्मीर): दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के केल्लाम इलाके से शुक्रवार शाम एक दर्दनाक आतंकी हमला सामने आया है। आतंकियों ने दो गैर-स्थानीय मजदूरों पर अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस हमले में छत्तीसगढ़ के रहने वाले एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और सुरक्षा बलों ने क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

अधिकारियों के अनुसार, हमला शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे केल्लाम क्षेत्र में हुआ। आतंकियों ने वहां काम कर रहे दो गैर-कश्मीरी मजदूरों को निशाना बनाते हुए उन पर कई राउंड फायरिंग की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इलाके में लगातार 3 से 4 राउंड गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे तथा दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान छत्तीसगढ़ निवासी दीपक ने दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल भूपेंद्र को बेहतर उपचार के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) अनंतनाग रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और आतंकियों की तलाश में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हमले में शामिल आतंकियों की पहचान करने और उन्हें जल्द पकड़ने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

इस आतंकी हमले ने एक बार फिर गैर-स्थानीय मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

Read more

RNews