रायपुर: राजधानी रायपुर स्थित कृष्णा पब्लिक स्कूल (KPS) सरोना में CBSE Far East Zone Skating Championship 2026-27 का भव्य आगाज हो गया है। 31 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजित होने वाली इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड सहित कई राज्यों के सीबीएसई स्कूलों के सैकड़ों छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता का आयोजन सीबीएसई के तत्वावधान में किया जा रहा है।
दो स्थानों पर हो रही प्रतियोगिताएं
चैंपियनशिप के तहत रोड रेस का आयोजन 31 जुलाई को आईपी क्लब, सेक्टर-21, नया रायपुर में किया गया, जबकि रिंग रेस की स्पर्धाएं कृष्णा पब्लिक स्कूल सरोना के स्केटिंग ग्राउंड में आयोजित की जा रही हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन शुक्रवार शाम 5 बजे हुआ, जबकि समापन समारोह 2 अगस्त को आयोजित होगा।
खिलाड़ियों के लिए की गई विशेष व्यवस्थाएं
KPS सरोना की प्रिंसिपल अर्चना मिश्रा ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए स्कूल ने लंबे समय से तैयारियां की थीं। खिलाड़ियों के लिए सुरक्षित ट्रैक, मेडिकल सुविधा, निर्णायक मंडल, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक इंतजाम किए गए हैं, ताकि प्रतियोगिता अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप संपन्न हो सके।
“खेल छात्रों के सर्वांगीण विकास का आधार”
प्रिंसिपल अर्चना मिश्रा ने कहा कि स्कूल का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना नहीं, बल्कि छात्रों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना भी है। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं।
उन्होंने कहा कि स्केटिंग जैसे खेल बच्चों के शारीरिक संतुलन, फोकस, मानसिक मजबूती और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता को बेहतर बनाते हैं। स्कूल फिट इंडिया, खेलो इंडिया और स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के उद्देश्यों का समर्थन करता है और चाहता है कि यहां से निकलने वाले छात्र पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी देश का नाम रोशन करें।
चार आयु वर्गों में होंगी स्पर्धाएं
चैंपियनशिप में अंडर-11, अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों के बीच क्वाड और इनलाइन स्केटिंग की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। प्रतियोगिता में 300 मीटर, 500 मीटर, 1000 मीटर और रिले रेस जैसी विभिन्न स्पर्धाएं शामिल हैं।
विजेताओं को मिलेगा नेशनल चैंपियनशिप का टिकट
आयोजन समिति के अनुसार सभी प्रतियोगिताएं RSFI और CBSE के नियमों के तहत आयोजित की जा रही हैं। प्रत्येक खिलाड़ी को अपनी रेस से 30 मिनट पहले रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा। प्रतियोगिता में केवल प्रोफेशनल लो-एंकल स्केट्स की अनुमति होगी, जबकि बेबी और एडजस्टेबल स्केट्स मान्य नहीं होंगे। प्रत्येक इवेंट में पहले और दूसरे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी सीधे CBSE National Skating Championship के लिए क्वालीफाई करेंगे।
