रायपुर। स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में छत्तीसगढ़ की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव द्वारा रजत पदक जीतने पर पूरे प्रदेश में खुशी की लहर है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षत्रिय करणी सेना ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए इसे प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणादायक बताया है।
क्षत्रिय करणी सेना के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह तोमर ने ज्ञानेश्वरी यादव की सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि से छत्तीसगढ़ की महिलाओं और युवतियों को खेलों में आगे बढ़ने की नई दिशा और प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि कठिन मेहनत और समर्पण के दम पर ज्ञानेश्वरी ने प्रदेश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
पिता विनोद यादव को दी बधाई
ज्ञानेश्वरी की सफलता की जानकारी मिलते ही वीरेन्द्र सिंह तोमर ने उनके परिवार से संपर्क करने का प्रयास किया। मंगलवार सुबह उनकी बातचीत ज्ञानेश्वरी के पिता विनोद यादव से हुई। इस दौरान उन्होंने करणी सेना, प्रदेशवासियों और अपनी ओर से ज्ञानेश्वरी को रजत पदक जीतने पर शुभकामनाएं दीं।
तोमर ने कहा कि ज्ञानेश्वरी के छत्तीसगढ़ लौटने पर क्षत्रिय करणी सेना की ओर से उनका सम्मान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियों की ऐसी उपलब्धियों का सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी है।
छत्तीसगढ़ पुलिस में एएसआई हैं ज्ञानेश्वरी
ज्ञानेश्वरी यादव वर्तमान में छत्तीसगढ़ पुलिस में सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) के पद पर राजनांदगांव में पदस्थ हैं। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपने खेल करियर को आगे बढ़ाया और अब कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए 53 किलोग्राम महिला वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में 199 किलोग्राम (स्नैच-88 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क-111 किलोग्राम) वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया।
परिवार ने साझा की खुशी और भावुक पल
ज्ञानेश्वरी के पिता विनोद यादव ने बताया कि परिवार के लिए यह बेहद गर्व का क्षण है। हालांकि उनके बेटे रितेश यादव के दुर्घटना में घायल होकर अस्पताल में भर्ती होने के कारण परिवार अभी जश्न नहीं मना पाया है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी के घर लौटने के बाद ही पूरे परिवार के साथ उनकी सफलता का उत्सव मनाया जाएगा।
वहीं, राजनांदगांव जिले के उनके पैतृक गांव भोड़िया में भी ग्रामीण एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और बधाइयां देकर ज्ञानेश्वरी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मना रहे हैं।
